केशकाल | किसानों को मिली धान समर्थन मूल्य की अंतर राशि, खुशी से खिल उठे किसानों के चेहरे

नीरज उपाध्याय/केशकाल:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के किसानों को एक बार फिर बड़ी सौगात दी है। सरकार ने अपने जनघोषणपत्र में प्रदेश के किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ एवं 3100 रुपए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने का वादा किया था। जिसके परिपालन में राज्य सरकार द्वारा मंगलवार को किसान उन्नत योजनान्तर्गत आदान सहायता राशि वितरण का आयोजन किया गया था। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 44,428 किसानों के खातों में समर्थन मूल्य की अंतर राशि के रूप में 254 करोड़ 81 लाख 65 हजार रुपए का भुगतान किया है।

इसी तारतम्य में जिला प्रशासन द्वारा केशकाल नगर के सुरडोंगर स्टेडियम में भी सहायता राशि वितरण हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री आकाश मेहता, जनपद सदस्य वीरेंद्र बघेल, भूपेश चन्द्राकर, रमेश यादव, कैलाश कुंजाम, श्रीराम यदु, बोधन नेताम, रमेश उसेंडी, नवल मरकाम, मनीषा सलाम, पीलाबाई जैन, कमला नेताम, जमुना बघेल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान शामिल हुए। जहां किसानों ने वर्चुअल रूप से मुख्यमंत्री, खाद्य मंत्री एवं कृषि मंत्री समेत अन्य नेताओं का भाषण भी सुना।

इस सम्बंध में जानकारी देते हुए जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक सुरेंद्र पोयाम ने बताया कि कृषि उन्नत योजना के तहत राज्य द्वारा धान उपार्जन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर किए गए धान खरीदी पर 917 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का वितरण करने हेतु आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से केशकाल विकासखंड के 7510 किसानो के खातों में 3847.39 लाख रुपए आदान राशि के रूप में डाले गए है। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ रामेश्वर महापात्र, सहायक संचालक कृषि रामेश्वर पुजारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी हेमलाल पद्माकर, खाद्य निरीक्षक गुलशन ठाकुर, बीआरसी प्रकाश साहू समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *